गोली लगने से युवक की मौत,हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस

राजीव नगर में 25 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।
Gurugram- राजीव नगर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी 25 वर्षीय दीगेंद्र के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ राजीव नगर की गली नंबर-3 में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह घर के बाहर कुछ लोग पहुंचे थे, जिन्होंने खुद को यूपी पुलिस का बताया। इसके बाद दीगेंद्र अपने दोस्त पंकज के साथ बाथरूम में चला गया। कुछ ही देर बाद अंदर से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर घर में मौजूद उसकी बहन और गर्लफ्रेंड घबरा गईं।
घटना के बाद परिजनों ने दीगेंद्र के दोस्त पंकज पर ही गोली मारने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गोली चलने के बाद घर के बाहर मौजूद कथित पुलिसकर्मी भी वहां से चले गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरी ओर, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। मौके से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है।जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास समेत सात मामले दर्ज थे और वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। उसके दोस्त पंकज का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोप और घटनास्थल से मिले सबूतों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि युवक की मौत आत्महत्या थी या हत्या।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsSuicidepolicegurgaonpoliceGurugrampolice




