गैस कनेक्शन बंद होने का मैसेज आए तो रहें सतर्क, साइबर ठगों का नया तरीका आया सामने

गैस कनेक्शन बंद होने का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। APK फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों से करते है ठगी।पुलिस ने 2 मामले किये दर्ज
Gurugram- साइबर ठग अब गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। मोबाइल पर मैसेज भेजकर पहले बिल अपडेट नहीं होने की बात कही जाती है और फिर मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस नंबर पर संपर्क करता है, ठग बिल अपडेट करने के नाम पर एपीके फाइल भेज देते हैं। इस फाइल को डाउनलोड करते ही मोबाइल का एक्सेस ठगों के हाथ में पहुंच जाता है और इसके बाद बैंक अकाउंट या क्रेडिट कार्ड से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
साइबर थाना मानेसर पुलिस के सामने ऐसे दो मामले आए हैं। पहला मामला सेक्टर-89 की ट्यूलिप पेटल सोसाइटी का है, जहां चरखी दादरी निवासी मनोज कुमार को 28 अगस्त को गैस कनेक्शन बंद होने का मैसेज मिला। मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर अशोक सिंह नाम के व्यक्ति ने बिल अपडेट करने के लिए एपीके फाइल भेजी। 30 अगस्त को मनोज कुमार ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी डालकर पेमेंट करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो गई। इसके कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना फोन चेक किया तो क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 74 हजार 48 रुपये की ट्रांजेक्शन हो चुकी थी।
दूसरा मामला सेक्टर-83 का है। यहां रहने वाले देवेंद्र कुमार पाल को 30 अगस्त को व्हाट्सऐप पर गैस कनेक्शन बंद होने का मैसेज मिला। मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद उन्हें भी एपीके फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 1 लाख 98 हजार रुपये निकाल लिए गए।
दोनों मामलों में साइबर थाना मानेसर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गैस कनेक्शन या बिल अपडेट करने के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें। अनजान नंबर से भेजी गई APK फाइल को बिल्कुल डाउनलोड न करें, न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करें। किसी भी तरह की जानकारी या भुगतान करने से पहले संबंधित गैस एजेंसी से सीधे संपर्क कर मैसेज की पुष्टि जरूर करें।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsCybercrimeCyberfraudfraudfraudstergasconnectionLpgfraud




