BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/छोटे हिस्से का विवाद, पूरे सीवरेज नेटवर्क पर न लगे ब्रेक- दीपेंद्र सिंह ढेसी

छोटे हिस्से का विवाद, पूरे सीवरेज नेटवर्क पर न लगे ब्रेक- दीपेंद्र सिंह ढेसी

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 1, 20264 min read

छोटे हिस्से का विवाद, पूरे सीवरेज नेटवर्क पर न लगे ब्रेक- दीपेंद्र सिंह ढेसी
गुरुग्राम में सीवरेज नेटवर्क का काम तेज होगा। ढेसी ने कोर्ट केस के चलते पूरे काम को रोकने के बजाय वैकल्पिक रास्ते तलाशने जल्द पूरा करने के निर्देश दिए
Gurugram- हरियाणा शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार दीपेंद्र सिंह ढेसी ने मंगलवार को गुरुग्राम के सेक्टर 81 से 115 तक मास्टर सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज नेटवर्क से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि नए विकसित हो रहे सेक्टरों में सीवरेज व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से मजबूत किया जा सके।
Article image
बैठक में अधिकारियों ने दीपेंद्र सिंह ढेसी को बताया कि सेक्टर 81 से 87 तक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा लगभग 25 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जानी थी। इसमें से करीब 1700 मीटर लंबी लाइन का कार्य कुछ स्थानों पर चल रहे कोर्ट केसों के कारण पूरा नहीं हो सका है। यह हिस्सा सीवरेज नेटवर्क में मिसिंग लिंक के रूप में सामने आ रहा है।
Article image
दीपेंद्र सिंह ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में न्यायालय में केस लंबित हैं, उनकी प्रभावी पैरवी करते हुए जल्द से जल्द निपटारा करवाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां राइट ऑफ वे उपलब्ध है, वहां सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य किसी भी स्थिति में लंबित नहीं रखा जाना चाहिए और उपलब्ध भूमि पर काम को आगे बढ़ाया जाए।
Article image
उन्होंने कहा कि कोर्ट केस वाले हिस्सों में भी वैकल्पिक एलाइनमेंट की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए । ऐसा नहीं होना चाहिए कि जमीन के छोटे से हिस्से पर कोर्ट केस होने के कारण पूरे सीवरेज नेटवर्क का काम ही रोक दिया जाए। जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरी दूरी में सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य को जल्द पूरा करने के लिए हर संभव विकल्प तलाशे जाएं।

एचएसवीपी-जीएमडीए करेंगे संयुक्त निरीक्षण

प्रधान सलाहकार ने सीवरेज लाइन के मिसिंग लिंक को दूर करने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को समझने के लिए एचएसवीपी और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और जहां भी तकनीकी, भूमि संबंधी अथवा एलाइनमेंट से जुड़ी समस्या है, उसका व्यावहारिक समाधान तलाशें। संयुक्त निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

सेक्टर 107 में बनेगा 100 एमएलडी क्षमता का एसटीपी

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 81 से 115 तक के विभिन्न सेक्टरों से निकलने वाले सीवरेज को सेक्टर 107 में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में ले जाया जाएगा। इस एसटीपी के निर्माण के लिए जीएमडीए द्वारा निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं। प्लांट के निर्माण के बाद इस क्षेत्र के सीवरेज के उपचार की व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित हो सकेगी।
Article image
दीपेंद्र सिंह ढेसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज लाइन और एसटीपी से जुड़े सभी कार्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि सीवरेज नेटवर्क के निर्माण और उसके अंतिम निस्तारण की व्यवस्था में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का समय पर विस्तार करना आवश्यक है और इसमें अनावश्यक देरी को हर संभव प्रयास से रोका जाना चाहिए।
Article image
इस मौके पर जीएमडीए के सीईओ पी सी मीणा, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, सम्पदा अधिकारी राकेश सैनी, जीएमडीए के अधीक्षक अभियंता फैज़ल इब्राहिम, एचएसवीपी के अधीक्षक अभियंता मनोज कुमार, जीएमडीए के चीफ लीगल एडवाइजर वी पी गुप्ता सहित जीएमडीए और एचएसवीपी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे । 
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaSewerageSewagedevelopmentcourtcasegmda

More from Social