BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/बच्चों के विवाद की रंजिश में 35 वर्षीय युवक की हत्या, 10 आरोपी गिरफ्तार

बच्चों के विवाद की रंजिश में 35 वर्षीय युवक की हत्या, 10 आरोपी गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 1, 20263 min read

बच्चों के विवाद की रंजिश में 35 वर्षीय युवक की हत्या, 10 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-45 में बच्चों के विवाद की रंजिश में 35 वर्षीय बाबूलाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया
Gurugram- सेक्टर-45 में बच्चों के विवाद को लेकर हुई मारपीट की रंजिश में 35 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, चाकू और अन्य हथियारों से लैस होकर मृतक को उसकी झुग्गी से बाहर खींचा और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को थाना सेक्टर-40 पुलिस को सेक्टर-45 मार्केट के पास लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि मारपीट में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीमों से करवाया। इसी दौरान पुलिस को घायल व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अगस्त को राहुल और आकाश नाम के व्यक्ति सेक्टर-45 मार्केट के पास स्थित उनकी झुग्गी में आए थे। दोनों बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर उनके परिवार से बहस करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। इस मारपीट में आकाश और सुनील को चोटें आई थीं।

शिकायत के अनुसार, इसी घटना की रंजिश रखते हुए 31 अगस्त को राहुल अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर आया। आरोपियों ने मृतक बाबूलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी गांव हिनौता, जिला दमोह, मध्य प्रदेश को उसकी झुग्गी से बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में गंभीर चोटें लगने के बाद बाबूलाल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-40, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

10 आरोपी गिरफ्तार

मामले में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-40 थाना पुलिस ने आज गुरुग्राम से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायण, प्रमोद, रफीफुल आलम उर्फ मुन्ना, रणेश, राहुल, अनिल, बिजू, बालकिशन, राजाराम और रकीबुल उर्फ राकेश के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश के दमोह और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। सभी आरोपी वर्तमान में गुरुग्राम के समसपुर और कन्हई इलाके में झुग्गियों में रह रहे थे और यहां मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं।

पूछताछ में सामने आई विवाद की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 30 अगस्त को शिकायतकर्ता के बच्चे के साथ आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। इसी मारपीट की रंजिश आरोपियों के मन में थी और अगले ही दिन आरोपियों ने कथित तौर पर बाबूलाल के साथ मारपीट कर दी, जिसमें उसकी जान चली गई।

पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियारों और अन्य सामान की बरामदगी के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsCrimeCrimenewsMurderAaropiGurugrampoliceGurgaonpolice

More from Crime