जलभराव के स्थायी समाधान को लेकर होगी अहम बैठक

गुरुग्राम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर अहम बैठक होगी। राव इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी अधिकारी शामिल होंगे
Gurugram- जलभराव की समस्या से निपटने और इसके स्थायी समाधान को लेकर कल अहम बैठक होने जा रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री और गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में जीएमडीए, नगर निगम, जिला प्रशासन और एचएसवीपी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का आयोजन पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में किया जाएगा। बैठक में गुरुग्राम में जलभराव की समस्या से जुड़े तमाम पहलुओं की समीक्षा होगी और प्रभावी एवं दीर्घकालिक समाधान को लेकर मंथन किया जाएगा।
बैठक में सबसे अहम मुद्दा गुरुग्राम के प्राकृतिक जल निकासी तंत्र पर हुए अतिक्रमण का रहेगा। प्राकृतिक जल निकासी मार्गों, तालाबों और अन्य जल निकायों पर हुए अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इन अतिक्रमणों का शहर की जल निकासी व्यवस्था पर कितना असर पड़ रहा है।वही अधिकारी बैठक में जलभराव वाले इलाकों, मौजूदा ड्रेनेज सिस्टम और अब तक किए गए कार्यों की रिपोर्ट केंद्रीय राज्य मंत्री के सामने रखेंगे। इसके अलावा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जीएमडीए और नगर निगम द्वारा विशेषज्ञ एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्ट और सुझावों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग की प्रगति, मौजूदा चुनौतियों और प्रस्तावित समाधानों की जानकारी देंगे। वहीं विशेषज्ञ एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी बैठक में बुलाया गया है, ताकि तकनीकी विशेषज्ञता के आधार पर गुरुग्राम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सके।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaWaterloggingmeetingGMDAHSVPMoonsoonRain




