ओवरटेक के दौरान टक्कर को लेकर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी,4 आरोपी गिरफ्तार

ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Gurugram- सेक्टर-14 थाना पुलिस ने गाड़ी की टक्कर को लेकर युवक के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 16 अगस्त को उसके चाचा की स्कॉर्पियो गाड़ी नौरंगपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात ट्रक से टकरा गई थी। इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ स्कॉर्पियो को ठीक करवाने के लिए सेक्टर-12 स्थित डेंटर की दुकान पर ले गया था।
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान 5-6 युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई थीं। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-14 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को 28 अगस्त को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान प्रवीण (23), करन (24), अजय (23), तीनों निवासी बार गुर्जर, गुरुग्राम और विनोद (26), निवासी गांव सराय, जिला नूंह के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कारण
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 16 अगस्त को शिकायतकर्ता की गाड़ी ट्रक से टकराने के बाद शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने आरोपी प्रवीण के पिता, जो ट्रक चालक है, के साथ गाली-गलौज की थी। इसी बात से नाराज होकर प्रवीण और उसके साथियों ने कथित तौर पर मिलकर युवक के साथ मारपीट की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्राइवेट कंपनियों में सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।चारों आरोपियों को 28 अगस्त को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
Tags:GurgaonGurugramHaryanaHaryananewsPoliceCrimeCrimenewsMaarpeetGurgaonpolice




