भोंडसी जेल में बंद नशा तस्कर नाइजीरियन की मौत,जाने पूरा मामला

भोंडसी जेल में बंद नाइजीरियन नशा तस्करी आरोपी की इलाज के दौरान मौत, मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगी आगे की कार्रवाई।
Gurugram- भोंडसी जेल में अवैध मादक पदार्थ रखने और बेचने के मामले में बंद करीब 47 वर्षीय नाइजीरियन नागरिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे पहले जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में दर्ज अवैध मादक पदार्थ रखने और बेचने के मामले में पुलिस ने नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे जिला जेल भोंडसी भेज दिया गया। वह 17 जुलाई 2024 से जेल में बंद था।जेल में मेडिकल जांच के दौरान उसके HIV से पीड़ित होने की जानकारी सामने आई थी। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। उसे बुखार, खाना कम खाने और सांस लेने में परेशानी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें थीं।
21 और 22 अगस्त की रात उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे उपचार के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के कैदी वार्ड में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मौत की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुग्राम की मोर्चरी में रखवाया। मामले में माननीय मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बोर्ड गठित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अब मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वहीं, गुरुग्राम पुलिस की ओर से मृतक के संबंध में नाइजीरियन एंबेसी को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Tags:GurgaonGurugramgurugramnewsharyanapolicegurgaonpolicebhondsijailbhondsideathnigerian




