बहन पर टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

बहन पर टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में हरजीत सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।पुलिस ने मामले में 26 वर्षीय आरोपी विक्रम कुमार को गिरफ्तार किया
Gurugram- उद्योग विहार थाना क्षेत्र में बहन पर की गई टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।मामला 24 अगस्त का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओल्ड दिल्ली-गुड़गांव रोड स्थित पार्क अस्पताल के बाहर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिसकी पहचान 33 वर्षीय हरजीत सिंह निवासी गांव डूंडाहेड़ा, गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट और सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर जांच करवाई। मृतक के ताऊ के बेटे ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी चाची ने उसे बताया था कि हरजीत के सिर और माथे पर चोट लगी है और वह पार्क अस्पताल के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर हरजीत मृत मिला।शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव के ही कुछ लोगों ने रंजिश के चलते हरजीत की हत्या की है। इसके बाद उद्योग विहार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 26 अगस्त को ओल्ड दिल्ली रोड पर शेर-ए-पंजाब ढाबे के पास से 26 वर्षीय विक्रम कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से पटियाना, जिला जहानाबाद, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में भंगरौला, गुरुग्राम में रह रहा था।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 24 अगस्त की रात आरोपी और हरजीत डूंडाहेड़ा गांव की एक पुरानी इमारत में साथ बैठे थे। इसी दौरान हरजीत ने आरोपी की बहन को लेकर टिप्पणी कर दी। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर विक्रम ने चाकू से हरजीत के सिर और छाती पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।
Tags:GurgaonGurugramHaryanaPolicegurgaonpoliceMurdercrime




