गुरुग्राम में केले के गोदाम में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, तीन लोग घायल

गुरुग्राम के कालियावास में केले के गोदाम में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना में तीन लोग घायल हुए, जबकि पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई।
Gurugram- कालियावास गांव में देर रात केले के गोदाम में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग अचानक गोदाम पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।घायलों की पहचान जितेंद्र कुमार, अनीश और आमिर के तौर पर हुई है। घायलों के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच गोदाम में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआती कहासुनी के बाद अचानक हालात बिगड़ गए। कुछ ही समय में कई लोग वहां पहुंच गए और गोदाम में मौजूद लोगों को घेर लिया।आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष ने मदद के लिए पुलिस को सूचना देने का प्रयास भी किया।

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भीड़ को गोदाम की तरफ जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।हमलावरों के वहां से निकलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है।

घटना के बाद गांव में तनाव और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमला करने वाले लोग आसपास के गांव से आए थे। हालांकि, इस दावे की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है।अस्पताल से मेडिको-लीगल केस की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी पहुंची।
पुलिस ने घायलों से घटना की जानकारी लेने के साथ आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगालना शुरू कर दिया है।पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaMaarpeetPoliceGurgaonpoliceGurugrampoliceCrime




