कार टकराने के बाद विवाद, युवक पर पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप

गुरुग्राम के सेक्टर-14 में कार टकराने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि युवक को पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया।
Gurugram- सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में कार को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक को कथित तौर पर पिस्तौल दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। घटना पुराना दिल्ली रोड पर गौशाला के पास सुबह करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, उनकी कार सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक अन्य कार चालक ने पीछे करते समय उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी।पीड़ित का आरोप है कि बहस बढ़ने पर दूसरे कार चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बैग से पिस्तौल निकालकर उनकी तरफ तान दी। आरोपी ने उन्हें कथित तौर पर धमकाया भी। आसपास मौजूद लोगों के वहां पहुंचने के बाद आरोपी मौके से निकल गया।
घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि पीड़ित से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsCrimePoliceGurgaonpolicePistolCrimenews




