बैंक से 50 हजार रुपये छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 26 हजार नकद और बाइक बरामद

बोहड़ा कलां स्थित बैंक से 50000 रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कब्जे से 26000 नकद और वारदात में प्रयोग बाइक बरामद
Gurugram- पुलिस ने बैंक से रुपये निकालकर बाहर आए एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।मामला 17 अगस्त का है। बोहड़ा कलां स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक से एक व्यक्ति ने कुल 53,200 रुपये निकाले थे। उसने 3,200 रुपये अपनी जेब में रख लिए, जबकि 50 हजार रुपये अलग रखकर बैंक गेट के पास खड़ा हो गया। इसी दौरान बैंक के अंदर पहले से मौजूद दो युवक उसके पास पहुंचे और धक्का देकर 50 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना बिलासपुर की टीम मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।मामले की जांच अपराध शाखा बिलासपुर की टीम को सौंपी गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त को दोनों आरोपियों को बिलासपुर चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय अली और 19 वर्षीय जुगनू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी राजस्थान के अलवर स्थित लोहा मंडी की झुग्गी-झोपड़ी के रहने वाले हैं और वर्तमान में तावड़ू, गुरुग्राम में श्मशान घाट के पास रह रहे थे।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। पुलिस के अनुसार, नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने बैंक से रुपये निकालकर बाहर आए व्यक्ति को निशाना बनाया और 50 हजार रुपये की स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम जिले में चोरी की दो अन्य वारदातों का भी खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में थाना पटौदी और थाना बिलासपुर में पहले से अभियोग दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।दोनों आरोपियों को 19 अगस्त को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsPoliceCrimeGurugrampoliceGurgaonpoliceSnatchingLoot




