क्रिकेट अकादमी में पिच रोलर की चपेट में आने से 8 साल के बच्चे की मौत

सेक्टर-87 स्थित क्रिकेट अकादमी में पिच रोलर की चपेट में आने से 8 वर्षीय आकाश कुमार की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Gurugram- ककरोला इलाके की एक क्रिकेट अकादमी में खेल रहे आठ साल के बच्चे के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। श्री श्याम क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी में पिच को समतल करने वाली मशीन की चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई। मृतक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है। उसका परिवार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि आकाश अपने भाई नील और कुछ अन्य बच्चों के साथ अकादमी परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान परिसर में खड़ा मिनी पिच रोलर अचानक चलने लगा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी बच्चे के हाथ से मशीन का सर्किट ब्रेकर ऑन हो गया था।मशीन चालू होने के बाद बच्चे उसके आसपास खेलने लगे। इसी दौरान आकाश अचानक रोलर के सामने गिर गया और उसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद वहां मौजूद बच्चे डरकर मौके से चले गए।
घटना की जानकारी परिवार को करीब एक घंटे बाद मिली। आकाश के भाई नील ने घर पहुंचकर बताया कि उसका भाई घायल हो गया है। इसके बाद परिजन अकादमी में उसकी तलाश करने पहुंचे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ खिलाड़ियों ने आकाश को जमीन पर पड़ा देखा।परिजनों ने तुरंत एक वाहन की व्यवस्था की और बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त रोलर के आसपास निगरानी के लिए कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। यह मशीन क्रिकेट पिच और मैदान को समतल करने के काम आती है।जांच अधिकारी के अनुसार, बच्चे के परिवार ने किसी तरह की साजिश या लापरवाही का आरोप नहीं लगाया है। परिजनों की ओर से खेड़की दौला थाने में लिखित बयान दिया गया है। इसी आधार पर फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच आकस्मिक हादसे के रूप में शुरू की है।पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsIncidentDeathpolicecrimeCricketacademy




