स्वतंत्रता दिवस को लेकर गुरुग्राम में कड़ी सुरक्षा, 11 प्रमुख नाकों पर नाकाबंदी और 4500 पुलिसकर्मी तैनात

स्वतंत्रता दिवस को लेकर गुरुग्राम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 11 प्रमुख नाकों पर नाकाबंदी के साथ करीब 4500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
Gurugram- 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुख्ता कर ली है। जिले में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात को लेकर व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। गुरुग्राम पुलिस ने प्रमुख समारोह स्थलों, वीआईपी रूट, प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्रों तथा आसपास के इलाकों में विशेष पुलिस बल तैनात किया है। यातायात पुलिसकर्मियों समेत करीब 4500 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

गुरुग्राम में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम पांच प्रमुख स्थानों पर आयोजित होंगे। इनमें ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38, गुरुग्राम, नई अनाज मंडी हेली मंडी-पटौदी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-43, शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्टेडियम नखड़ौला-मानेसर और ताऊ देवी लाल स्टेडियम सोहना शामिल हैं। मुख्य जिला स्तरीय समारोह ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38 में आयोजित होगा, जहां हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।

नई अनाज मंडी हेली मंडी-पटौदी में पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-43 में फरीदाबाद NIT के विधायक श्री सतीश कुमार, शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्टेडियम नखड़ौला-मानेसर में गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा और ताऊ देवी लाल स्टेडियम सोहना में सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।सुरक्षा व्यवस्था के तहत वीआईपी रूट पर एंटी-सैबोटाज चेकिंग, सड़क किनारे के क्षेत्रों की निगरानी, रूफ-टॉप ड्यूटी और आउटर कॉर्डन की व्यवस्था की गई है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख कट, रेड लाइट, टी-प्वाइंट, फ्लाईओवर और अंडरपास पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

समारोह स्थलों पर सुरक्षा की कई लेयर बनाई गई हैं। ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38 सहित अन्य प्रमुख समारोह स्थलों पर वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था रहेगी। प्रवेश द्वारों पर DFMD और HHMD के जरिए जांच की जाएगी। महिला आगंतुकों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों और फ्रिस्किंग कैबिन की व्यवस्था भी रहेगी। समारोह स्थलों के आसपास मौजूद ऊंची इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

आयोजन स्थल, मंच, परेड ग्राउंड, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। वीआईपी स्टेज और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल के साथ QRT की तैनाती की गई है। पुलिस की ओर से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए सुरक्षा कर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने जिले में 11 प्रमुख नाका प्वाइंट चिन्हित किए हैं। इन नाकों पर 13 अगस्त शाम 4 बजे से स्वतंत्रता दिवस समारोह की समाप्ति तक पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नाके भी लगाए जा सकते हैं। नाकों पर पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और वायरलेस सेट के साथ तैनात रहेंगे तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा के मद्देनजर होटल, सराय, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, मॉल और क्लब सहित अन्य संवेदनशील स्थानों की भी विशेष चेकिंग की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की पहचान के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख आयोजन स्थलों और वीआईपी रूट की एंटी-सैबोटाज जांच भी कराई जाएगी। संदिग्ध बैग, सामान या अन्य वस्तुओं को समारोह स्थल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न समारोह स्थलों पर 5 फायर ब्रिगेड और 5 एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। इनके साथ वायरलेस संचार की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक प्रमुख समारोह स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी ड्यूटी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले अपने-अपने स्थान पर पहुंचने तथा पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने, निर्धारित प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के गौरव का पर्व है और इसे सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
Tags:GurgaonGurugrampolicegurugrampolicegurgaonpoliceindependencedaycheckingcrimebjpprogram




