गुरुग्राम में जलभराव व कूड़ा उठान की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मिले राव इंद्रजीत

गुरुग्राम में जलभराव और कूड़ा उठान की समस्याओं को लेकर राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की।
Gurugram- केंद्रीय राज्य मंत्री व गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके निवास पर मुलाकात कर गुरुग्राम में मानसून के दौरान हुए जल भराव व कूड़ा उठान में आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि मानसून से पूर्व अधिकारियों के साथ बैठकों में अधिकारी दावे के साथ कहते हैं कि इस बार शहर में जल भराव नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि अधिकारियों को तलब कर जवाब लिया जाए कि उनके दावे क्यों फेल हुए?
राव ने मुख्यमंत्री के समक्ष सफाई कर्मियों की हड़ताल के दौरान शहर में कूड़ा उठाने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की हड़ताल से अनेक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं वहीं ऊपर से बरसात से कूड़े में सड़न पैदा हो रही है। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री सैनी को जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए सुझाव दिया कि वे पिछले वर्षों से बैठकों में लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि प्राकृतिक नालों पर पूर्व की सरकारों में दिए गए लाइसेंस से गुरुग्राम के प्राकृतिक बहाव को बदल दिया है।
राव ने कहा कि उन्होंने अनेक बिल्डरों व अवैध कॉलोनाइजर्स द्वारा प्राकृतिक बरसाती रास्तों पर किए गए कब्जो को हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए लेकिन वे आज भी बरकरार है । राव ने मुख्यमंत्री को कहा है कि सदियों से बने हुए प्राकृतिक बहाव से ही पानी जाएगा इसलिए इन रास्तों का निष्पक्ष सर्वे होना चाहिए। सर्वे के बाद जिन प्राकृतिक बहाव वाले रास्तों पर कब्जे है उन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
राव ने मुख्यमंत्री को यह भी सुझाव दिया कि जब हम जमीन के अंदर मेट्रो दौड़ा सकते हैं तो क्या पानी को अंडरग्राउंड पाइप लाइन के जरिए आर्टिफिशियल लेक , नजफगढ़ ड्रेन के आसपास के क्षेत्र, सुल्तानपुर व दमदमा झील में बरसाती पानी डालकर जल संचयन क्यों नहीं कर सकते।
राव ने कहा कि गुरुग्राम का जलस्तर लगातार गिर रहा है बरसाती पानी के संचयन की भी विस्तृत योजना बनानी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री को सुझाया की सरकारी विभागों जैसे नगर निगम, जीएमडीए, हुड्डा व अन्य विभागों में भी तालमेल की सख्त आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि उनकी चिताओं को ध्यान में रखते हुए योजना बनाई जाएगी।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryana




