नांदेड़ हमले के बाद गुरुग्राम पहुंचे सुखबीर बादल, मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

नांदेड़ हमले में घायल सुखबीर सिंह बादल इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
Gurugram- शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल शुक्रवार देर शाम इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। महाराष्ट्र के नांदेड़ में घायल होने के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में इलाज दिया गया था। इसके बाद वह हवाई यात्रा के जरिए दिल्ली पहुंचे और वहां से निजी काफिले के साथ गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लाए गए।
अस्पताल पहुंचते ही सुखबीर सिंह बादल को सीधे इमरजेंसी वार्ड ले जाया गया, जहां चार डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच शुरू की। डॉक्टरों की टीम ने आवश्यक जांच और टेस्ट किए। जांच के बाद उन्हें अस्पताल के कमरा नंबर 4401 में भर्ती किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि नांदेड़ में 13 अगस्त को एक गुरुद्वारे के बाहर एक निहंग द्वारा किए गए हमले में सुखबीर सिंह बादल घायल हो गए थे। हमले में उनके हाथ पर चोट आई थी और स्थानीय अस्पताल में उनके हाथ पर दो से तीन टांके लगाए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है।
महाराष्ट्र में शुरुआती उपचार के बाद सुखबीर सिंह बादल को आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम लाया गया। मेदांता अस्पताल में डॉ. संजय महेंद्रू की टीम ने उनकी जांच की। डॉक्टरों के मुताबिक उनके हाथ की प्लास्टिक सर्जरी की जा सकती है। फिलहाल अस्पताल में उनकी आवश्यक जांच और उपचार की प्रक्रिया जारी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewshinduAkaalidalsukhbirsinghbaadalmedantaHospital




