BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Political/सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? गुरुग्राम में कांग्रेस का हाई-वोल्टेज प्रदर्शन

सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? गुरुग्राम में कांग्रेस का हाई-वोल्टेज प्रदर्शन

SM

Sahil Manchanda

Published on Aug 5, 20263 min read

सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? गुरुग्राम में कांग्रेस का हाई-वोल्टेज प्रदर्शन
सेक्टर-9 स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने बदहाल सड़क और जलभराव को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पंकज डावर ने सरकार पर विकास के दावों को लेकर साधा निशाना
Gurugram- सेक्टर-9 स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस (शहरी) अध्यक्ष पंकज डावर ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गहरे गड्ढों में कमल के फूल के कटआउट उल्टे रखकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया और सड़क की बदहाली को सरकार के "झूठे विकास" की पोल बताया।

पंकज डावर ने कहा कि ईएसआई अस्पताल के सामने की सड़क बरसात के बाद पूरी तरह टूट चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और दोपहिया चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर सेक्टर-7 एक्सटेंशन से लेकर अस्पताल के आगे तक रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लगता है, जिससे मरीजों, अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंगलवार को हुई बारिश के दौरान मुख्यमंत्री गुरुग्राम में मौजूद थे और उन्होंने शहर में जलभराव की स्थिति भी देखी, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी और मिलेनियम सिटी कहलाने वाले गुरुग्राम में अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह के सामने सड़क की यह स्थिति सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

पंकज डावर ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन ने आनन-फानन में सड़क के गड्ढों में मिट्टी डालकर जेसीबी से समतल करने का प्रयास किया, ताकि मुद्दे को दबाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पहले ही जिम्मेदारी निभाता तो जनता को प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती।

उन्होंने सरकार से मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं और सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

इस मौके पर सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, हरकेश प्रधान, सुशील सहरावत, विकास हुड्डा, राजीव यादव, अमन प्रजापति, मनोज आहुजा, सतीश सांगवान, मास्टर महेंद्र सैन, लोकेश कौशिक, पंकज मेहंदीरत्ता, राजेश पटेल, साहिल बंसल, तपन दास, सुनील चौहान, जगदीश यादव, प्रताप मलिक, ओमप्रकाश चौहान, सुमन ग्रेवाल, सुमन सिंघल, मुकेश सिंगला, टिंकू जाटव, वैशाली, ओमप्रकाश खरेरा, सुनील सचदेवा, यशपाल भगत, नरेश शर्मा, कपिल गौतम और लाभ सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Tags:GurgaonGurugramcongressgurugramnewscongresspartybjprainwaterloggingprotest

More from Political