बारिश बनी आफत! गुरुग्राम में 3 जगह धंसी सड़कें, 20 फीट के गड्ढे से मचा हड़कंप

Gurugram- सोमवार को हुई तेज बारिश का असर मंगलवार सुबह सड़कों पर दिखाई दिया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़क धंसने की तीन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। कहीं भारी ट्रक सड़क में फंस गया तो कहीं सड़क के बीचों-बीच करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
*सेक्टर-9 में सड़क धंसी, गड्ढे में फंसा सीमेंट से लदा ट्रक*
दिन की शुरुआत सेक्टर-9 से हुई। यहां सड़क का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया और वहां से गुजर रहा सीमेंट से भरा ट्रक उसमें फंस गया। सड़क बैठने के कारण ट्रक एक तरफ बुरी तरह झुक गया और उसके पलटने का खतरा पैदा हो गया।मामले की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक का वजन कम करने के लिए पहले उसमें मौजूद सीमेंट की बोरियां उतरवाई गईं। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

*नरसिंहपुर में भी धंसी सर्विस लेन*
कुछ ही देर बाद नरसिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से भी सड़क धंसने की खबर सामने आई। यहां रेत से लदा एक ट्रक सड़क के धंसे हिस्से में फंस गया। भारी वाहन के फंसने से सर्विस लेन पर यातायात प्रभावित होने लगा और जाम की स्थिति बनने लगी।ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और फंसे ट्रक को हटवाया। दोनों जगहों पर सड़क के धंसने की वजह और मरम्मत को लेकर संबंधित विभागों को जानकारी दी गई।

*इफको चौक पर बना 20 फीट गहरा गड्ढा*
सेक्टर-9 और नरसिंहपुर की घटनाओं के बाद अभी राहत की कार्रवाई पूरी भी नहीं हुई थी कि इफको चौक पर सड़क धंस गई। यहां सड़क के बीचों-बीच करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया।गड्ढा इतना गहरा था कि किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मौके पर बैरिकेडिंग कर दी और रास्ते को वाहनों के लिए बंद कर दिया। जीएमडीए के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इफको चौक के नीचे से गुजर रही जीएमडीए की करीब 1200 एमएम की मुख्य सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हुई और सड़क का हिस्सा बैठ गया।

इफको चौक पर इस तरह की समस्या पहले भी सामने आ चुकी है। इससे पहले भी इसी सीवर लाइन में लीकेज के चलते यहां करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। उस समय गड्ढे की मरम्मत में जीएमडीए को एक सप्ताह से अधिक का समय लगा था।
*बारिश के बाद सड़कों की मजबूती पर सवाल*
लगातार तीन जगह सड़क धंसने की घटनाओं ने बारिश के मौसम में गुरुग्राम की सड़कों और जमीन के नीचे मौजूद सीवर नेटवर्क की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित स्थानों को सुरक्षित करना और यातायात व्यवस्था को सामान्य करना है। अब निगाह इस बात पर है कि संबंधित विभाग इन जगहों पर मरम्मत का काम कितनी तेजी से पूरा करते हैं और बार-बार सड़क धंसने की समस्या का स्थायी समाधान कब तक निकलता है।




