12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ट्रैफिक चालान समेत कई मामलों का होगा निपटारा

गुरुग्राम में लंबित मामलों के त्वरित और स्थायी निपटारे के लिए 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
Gurugram- गुरुग्राम में लंबित मामलों के त्वरित और स्थायी निपटारे के लिए 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का आयोजन गुरुग्राम जिला न्यायालय परिसर में होगा।जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र सुरा के मार्गदर्शन में और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा के नेतृत्व में यह राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
लोक अदालत में लोगों को अपने मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर जल्द समाधान कराने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत दिलाते हुए सरल, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना दावे, पारिवारिक विवाद, दीवानी मामले, जमानती फौजदारी मामले, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी के बिल से जुड़े विवाद, राजस्व प्रकरण समेत विभिन्न मामलों का निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने आमजन से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने लंबित मामलों का जल्द समाधान करवाएं।12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत उन लोगों के लिए राहत का अवसर है, जो अपने मामलों का सरल प्रक्रिया के जरिए जल्द और स्थायी समाधान चाहते हैं।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaLokadalatCourtChallan




