BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/राजीव चौक पहुंचे निगम कमिश्नर, मानसून से पहले जल निकासी की व्यवस्था का लिया जायजा
Social

राजीव चौक पहुंचे निगम कमिश्नर, मानसून से पहले जल निकासी की व्यवस्था का लिया जायजा

SM

Sahil Manchanda

Published on Jul 4, 20263 min read

राजीव चौक पहुंचे निगम कमिश्नर, मानसून से पहले जल निकासी की व्यवस्था का लिया जायजा
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, जलनिकासी प्रबंधों तथा सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में निरंतर सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए। राजीव चौक के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए। उन्होंने फ्लाईओवर के पास खाली स्थान पर बोगनवेलिया के पौधे लगाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र को सुंदर एवं हराभरा बनाया जा सके। उन्होंने ग्रीन बेल्ट में कूड़ा फेंकने की घटनाओं को रोकने के लिए ग्रिल फेंसिंग कराने के भी निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि ग्रीन बेल्ट एवं सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं स्थायी उपाय किए जाएं। राजीव चौक से हीरो होंडा चौक की ओर निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने सर्विस लेन के साथ स्थित भवनों के सीवरेज कनेक्शनों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सीवेज का अवैध या अनुचित डिस्चार्ज सार्वजनिक स्थानों अथवा ड्रेनेज सिस्टम में न हो। मानसून के मद्देनजर निगमायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ बनी ड्रेन की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रेन में कूड़ा, गाद या अन्य अवरोध जमा नहीं होना चाहिए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निर्बाध निकासी बनी रहे और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर एक निर्माणाधीन भवन के मालिक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर सीएंडडी वेस्ट डालने का मामला सामने आया। निगमायुक्त के निर्देश पर मौके पर ही 25,000 रुपए का चालान किया गया तथा भवन मालिक को तुरंत मलबा हटाने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी लगातार जारी रखी जाए। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा या मलबा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाए तथा संबंधित टीमों द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा ड्रेनों की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान निर्बाध जलनिकासी बनी रहे। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा या सीएंडडी वेस्ट डालने तथा पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
Tags:GurgaonGurugramnewsMCGHaryanaWaterloggingMonsoonRain

More from Social